दो डाक्टरों के आपसी विवाद की सूचना पर पंहुचे पुलिसकर्मी जानकारी लेते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के सुजानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को चिकित्सा अधीक्षक और डाक्टरों में विवाद हो गया। आरोप है कि चिकित्सा अधीक्षक ने एक डाक्टर की पिटाई कर दी। उधर, चिकित्सा अधीक्षक ने मारपीट और बदसलूकी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज में तैनात डॉ. रमेश ने शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कई दिनों से अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार सिंह उपस्थित पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं करवा रहे हैं।
अस्पताल में तैनात डा. मनीष केशरवानी, डा. गोपेश ने भी ऐसा ही आरोप लगाया है। इसकी शिकायत लेकर डाक्टर जब चिकित्सा अधीक्षक के पास गए तो उन्होंने गालीगलौज की। डा. रमेश ने आरोप लगाया कि चिकित्सा अधीक्षक ने मुझे पांच-छह तमाचे जड़ दिए।
अस्पताल की एक महिला कर्मचारी ने भी थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि चिकित्सा अधीक्षक डा. अजय कुमार सिंह रोज रात को आठ बजे बैठक के लिए कमरे पर बुलाते थे। न जाने पर ड्यूटी से अनुपस्थित कर देते थे। कई दिनों से पूजा के लिए छुट्टी मांग रही हूं लेकिन नहीं दे रहे हैं।
इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डा. अजय कुमार सिंह ने कहा कि महिला कर्मचारी के सारे आरोप झूठे हैं। जहां तक डा. रमेश से मारपीट की बात है तो उन्होंने एक मेडिकल संचालक के इशारे पर आफिस के जरूरी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। मना करने पर उन्होंने मुझसे मारपीट की। मैंने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने केस अभी दर्ज नहीं किया है।