उत्तर प्रदेश का जौनपुर जिला शुक्रवार की सुबह से लेकर शाम तक आपराधिक घटनाओं के नाम रहा। सुबह जहां पुरानी रंजिश में एक अधेड़ की गोली मार कर हत्या कर दी गई, वहीं देर रात पैसे के लेनदेन का विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे से पीट कर पिता-पुत्र को मौत के घाट उतार दिया गया।
जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के प्रसिद्ध नारायण सिंह(85) और उनके दो बेटे गोरखनाथ सिंह(50) व सुभाष सिंह (45) शुक्रवार की रात में घर से पांच सौ मीटर दूर वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे के किनारे स्थित पाही पर सो रहे थे। रात में 11 बजे तीन लोग आए और लेनदेन को लेकर गालियां देते हुए उन्हें लाठी-डंडे से पीटने लगे। उनके बेहोश हो जाने पर हमलावर भाग गए।
भोर में तीन बजे सुभाष को होश आया तो उन्होंने फोन से घर वालों को सूचना दी। लोग पहुंचे तब तक गोरखनाथ सिंह की मौत हो चुकी थी। सुभाष और प्रसिद्ध नारायण को एक निजी चिकित्सालय में ले जाया गया। दोपहर में एक बजे प्रसिद्ध नारायण सिंह ने दम तोड़ दिया।
दोहरे हत्याकांड की सूचना पर सीओ सिटी नृपेंद्र ने मौके पर जा कर जांच की। गोरखनाथ के पुत्र सावन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गुड्डू सिंह निवासी जगदीशपुर, दीपक यादव समेत तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गुड्डू सिंह व दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिटी अनिल पांडेय का कहना है कि शराब के नशे में मारपीट हुई थी। प्रसिद्ध नारायण के शरीर पर खास चोट के निशान नहीं दिखे। संभव है उनकी मौत बेटे की मौत के सदमे में मौत हुई। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगा।