पिता की तहरीर पर मामा समेत दो के खिलाफ हत्या का केस
सोनभद्र जिले के दिवा गांव में रविवार को रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना उजागर हुई है। एक मामा ने अपनी डेढ़ वर्षीय भांजी को फिरौती के लिए अगवा करने के बाद गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी मामा को दबोच लिया है और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है।
भांजी अंशिका के पिता गुरुबिहारी पटेल की तहरीर पर उसके साले समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया था। अभी कुछ दिनों पहले ही हिनौता गांव निवासी गुरुबिहारी की पत्नी रागिनी अपनी बेटी अंशिका को साथ लेकर मायके दिवा गांव गई थी।
शुक्रवार की रात बरामदे में रागिनी की मां चंद्रावती अपनी नतिनी अंशिका को लेकर सोई थी। रात दो बजे चन्द्रावती की नींद खुली तो बच्ची बिस्तर पर नहीं थी। शनिवार को बच्ची के गायब होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की।
रविवार की शाम करीब पांच बजे दिवा गांव से करीब एक किमी दूरी पर गुरेठ गांव के बंद एक मकान के अंदर अंशिका शव मिला।
क्षेत्राधिकारी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि अंशिका का मामा गांव के एक युवक के साथ उसका अपहरण रुपये के चक्कर में किया था। मामा ने ही बच्ची को गायब करने के दौरान घर में एक कागज में बच्ची के परिजनों के लिए लिखा था कि डेढ़ लाख रुपये गुरेठ पुलिया के पास रख देना।
पैसा गिनने के बाद बच्ची को छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुबिहारी की तहरीर पर उसके साले सूरज पटेल और चंद्रमोहन के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। रात करीब आठ बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की तो उन्होंने सबकुछ कबूल दी।