गाजीपुर के औड़िहार तिराहे के पास से वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार महाक्रांति दल के नेता समेत तीन अंतरजनपदीय लुटेरों को दबोचा गया है। तलाशी लेने पर उनके पास से लूट के चार लाख रुपये, तीन तमंचा, तीन कारतूस, दो चोरी की बाइक और तीन मोबाइल बरामद कर किया गया।
शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में लूट कांड का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र दूबे ने पत्रकारों से बताया कि लुटेरों का गैंग पकड़ा जा चुका है और लूट के 80 फीसदी रकम भी बरामद कर ली गई है। लुटेरों से पूछताछ में और भी कई घटनाओं की जानकारी मिली है।
एसपी ने बताया कि 24 मार्च को नसीपुर गांव के पास एक दीवान मुसाफिर यादव से पांच लाख रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए थे।
शुक्रवार को तड़के औड़िहार तिराहे के पास वाहन की चेकिंग करते समय मुखबिर से सूचना मिली की दो बाइक पर सवार तीन लुटेरे सिधौना की ओर से औड़िहार रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे हैं। उसी समय दो बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाशों ने बाइक की गति तेज कर दी। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दो बाइक पर सवार तीन युवकों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर युवकों के पास से झोले में रखा लूट का चार लाख रुपया नगद, तीन तमंचा और तीन कारतूस, दो चोरी की बाइक और तीन मोबाइल बरामद कर ली गई।
पूछताछ में पकड़े गए लुटेरों ने अपना नाम वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बहादुपुर गांव निवासी महेंद्र प्रसाद गौतम, परानापुर गांव निवासी रामजनम यादव तथा इसी गांव अमजद अंसारी उर्फ छोटू बताया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 24 मार्च को नसीपुर गांव के पास एक पुलिस कर्मी मुसाफिर यादव से हुई पांच लाख रुपये की लूट में यह शामिल है।
पकड़ा गया महेंद्र गौतम महाक्रांति दल से वाराणसी के अजगरा विधान सभा सीट से चुनाव लड़ चुका है। लुटेरों ने पुलिस को बताया कि 24 मार्च सिपाही अपनी पुत्री के साथ सैदपुर बैंक से पैसा लेकर एक दूकान में खरीदारी करने के बाद पिता-पुत्री बाइक से घर जा रहे थे।
जैसे वह नसीरपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे पीछे पुलिस कर्मी की पुत्री के पास मौजूद पैसों से भरा बैग छीनकर भाग निकले थे। इस खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक ने 15 हजार रुपये और पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।