फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कपसेठी में शव दफनाने को लेकर बवाल, एक की मौत

Thu, 23 Jun 2016 02:10 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
हरिभानपर में हत्या के बाद मौके पर पहुंचे डीएम।
विज्ञापन
कपसेठी के हरिभानपुर गांव में बुधवार को शव दफनाने को लेकर बवाल हो गया। हरिभानपुर और गहरपुर गांव के दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर कपसेठी-बाबतपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम समाप्त कराने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसके बाद कई थानों की फोर्स के साथ डीएम और एसएसपी खुद मौके पर पहुंचे। दोषियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई और मृतक के परिवारीजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया गया। 
विज्ञापन

घटना को लेकर दोनों गांव में तनाव है। मृतक के चाचा की तहरीर पर कपसेठी थाने में 20 नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, हत्या, बलवा और सांप्रदायिक उन्माद भड़काने का केस दर्ज किया गया है। एडीएम सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय सिंह समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई होगी। बताया कि देर शाम गहरपुर कब्रिस्तान में काजू के शव को भी दफन कर दिया गया है। 
हरिभानपुर गांव में मंगलवार की रात सुलेमान की पत्नी नसीरुन की मौत को गई थी। बुधवार सुबह करीब दस बजे परिजन शव लेकर गहरपुर गांव में दफनाने पहुंचे थे। कब्र खोदी जा रही थी कि पूर्व प्रधान मौके पर पहुंचे और उस जमीन को अपना बताकर कब्र खोदने से रोकने के साथ ही शव लेकर आने वालों को लौटा दिया। इस पर दोनों पक्षों में झड़प और तनातनी हो गई। तब तक मामले की जानकारी अधिकारियों को मिल गई थी, सो कपसेठी थानाध्यक्ष के साथ एसडीएम राजातालाब मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
उन्होंने जमीन की पैमाइश कराई और शव को तयशुदा स्थान पर दफनाने का निर्देश दिया। इस पर परिजन नसीरुन का शव लेकर दोबारा कब्रिस्तान पहुंच गए। वे शव दफनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि दूसरे पक्ष के लोग फिर वहां पहुंच गए और शव दफनाने से रोकने लगे। इसको लेकर विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देर तक चले आपसी मारपीट में काजू (20) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मैकू  (28), इरशाद (22) और इखलाक (35) गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
इससे क्षुब्ध दूसरे पक्ष के ग्रामीणों ने पूर्वाह्न 11:30 बजे नसीरुन और काजू दोनों के शव को सड़क पर रख कर कपसेठी-बाबतपुर मार्ग जाम कर दिया। थोड़ी ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मामले की गंभीरता की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी विजय किरन आनंद और एसएसपी आकाश कुलहरि मौके पर पहुंच गए और दोनों अधिकारियों को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। बाद में हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवारीजनों को मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम खुल गया। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नसीरुन को गहरपुर के कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। साथ ही काजू के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसको भी दफना दिया गया। 
विवाद की गंभीरता को देखते हुए डीएम, एसएसपी, एसपीआरए, एडीएम सिटी के अलावा पांच क्षेत्राधिकारी और 14 थानों की फोर्स और एक कंपनी पीएसी मौके पर तैनात रही। मारपीट में गंभीर रूप से जख्मी तीन युवकों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। मौके पर वाराणसी के अलावा गाजीपुर, चंदौली, जौनपुर और भदोही की फोर्स भी तैनात की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें