जौनपुर जिला जेल के बंदीरक्षक हरिश्चंद राम की हत्या की फिराक में लगे दो बदमाशों को एसटीएफ की फील्ड यूनिट ने बुधवार को छावनी क्षेत्र स्थित एक स्कूल के पास हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की शिनाख्त जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के घुरहूपुर निवासी विजेंद्र कुमार सिंह उर्फ प्रिंस और सुशील कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों के पास से एक अवैध पिस्टल और एक रिवाल्वर, तीन कारतूस, एक खोखा और तीन मोबाइल बरामद हुए हैं। एसटीएफ ने दोनों को कैंट पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।
आगरा का इनामी अपराधी सुरेंद्र उर्फ धारा सिंह इन दिनों जौनपुर जिला जेल में निरुद्ध है। सर्विलांस के जरिये एसटीएफ की फील्ड यूनिट को जानकारी मिली थी कि वह जेल के बंदीरक्षक हरिश्चंद राम की हत्या कराने की योजना बना रहा है। हरिश्चंद की सख्ती से धारा परेशान था। इसके लिए उसने इलाहाबाद के नैनी सेंट्रल जेल में निरुद्ध जौनपुर के मुफ्तीगंज ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह उर्फ भइया जी के माध्यम से विजेंद्र और सुशील का इंतजाम किया है। इसी बीच एसटीएफ को पता चला कि बुधवार की शाम विजेंद्र और सुशील जेएचवी मॉल जा रहे हैं।
जेएचवी मॉल के पास दोनों कैंटोनमेंट स्थित एक स्कूल के पास खड़े होकर किसी का इंतजार कर रहे थे। एसटीएफ के पहुंचते ही दोनों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की लेकिन उन्हें दबोच लिया गया।
विजेंद्र ने बताया कि वह जौनपुर जेल में हत्या के प्रयास के मामले में बंद था, तभी धारा सिंह से उसका संपर्क हुआ था। धारा पर 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर विपिन राय, रणजीत राय, अमित श्रीवास्तव, वृंदावन राय, अंगद यादव, बैजनाथ रहे।