अवैध कारोबार के तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर में अवैध शराब की फैक्ट्री का पुलिस ने बुधवार को भंडाफोड़ किया। छापा मारकर 21 पेटी शराब, 500 लीटर केमिकल, 30 प्लास्टिक की शीशी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने बताया कि वे कई साल से अवैध धंधे में लिप्त थे। आरोपियों को एसएसपी नितिन तिवारी ने बुधवार को अपने कार्यालय में पेश किया।
बताया कि सूचना पर शिवपुर एसओ शिवानंद मिश्रा ने पिसौर पुल के पास ऑटो में अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा।
ऑटो से 10 पेटी शराब बरामद की गई। आटो सवार लोहता के चुरामनपुर, मोड़ैला निवासी नितेश जायसवाल ने बताया कि उसके मकान में शराब बनाई जाती है। पुलिस ने मकान के दूसरे तल पर छापा मारकर शराब और उपकरण बरामद किए।
देशी और अंग्रेजी शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, भारी मात्रा में देशी शराब की बोतलें, ढक्कन, रैपर, छोटा गैस सिलेंडर, चूल्हा, पीपिया शराब की डिग्री नापने वाली मशीन, हॉल मार्क बरामद किया।
मौके से शिवपुर के वीडीए कॉलोनी निवासी अजय जायसवाल और सहाबाबाद के दीपक जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया।