वाराणसी से दोस्तों के साथ नववर्ष के पहले दिन लखरनिया दरी पयर्टन स्थल पर पिकनिक मनाने जा रहे बाइक सवार तीन छात्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया।
हादसे में एक की घटना स्थल पर तथा दूसरे की ट्रामा सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। तीसरा साथी ट्रामा सेंटर में गंभीर हाल में भर्ती है।
हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बिल्लोकुंड मोड़ के पास रविवार की शाम चार बजे हुआ।
वाराणसी के रोहनिया निवासी नंदू यादव का पुत्र प्रीतम यादव (22) अपने साथी रोहनिया इलाके के शहाबाबाद निवासी रंजीत (20) और टेढि़या के पारस के पुत्र दया बिंद के साथ एक ही बाइक से लखनिया दरी पिकनिक मनाने जा रहे थे।
लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष के छात्र थे। उनके साथ ही दूसरी बाइक पर अन्य तीन सहपाठी थे।
प्रीतम जैसे बाइक लेकर लखनिया दरी मोड़ के पास पहुंचा कि तभी पीछे से आ रहे दस चक्का ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे प्रीतम समेत तीनों छात्र सड़क के दूसरी ओर बीचोबीच गिर पड़े। सोनभद्र से वाराणसी जा दूसरा तेज ऱफ्तार ट्रक उन पर से गुजर गया।
हादसे में प्रीतम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। कुछ लोगों ने इसकी सूचना तत्काल अहरौरा पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अन्य दो साथियों को सीएचसी अहरौरा भेजवाया।
जहां से चिकित्सक ने घायलों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के लिए 108 नंबर एंबुलेंस दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर ले जा रही थी कि रास्ते में दया बिंद ने दम तोड़ दिया। रंजीत को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।