लंका से कैंट जा रहे ऑटो में शनिवार की सुबह एक युवक बीएचयू की छात्रा के साथ छेड़खानी करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो चालक ने ऑटो भेलूपुर थाने के सामने खड़ा कर दिया। इस पर छेड़खानी कर रहा युवक ऑटो चालक से हाथापाई करने लगा। मारपीट होते देख थाने का एक कांस्टेबल मौके पर आया तो आरोपी युवक उससे भी भिड़ गया। कांस्टेबल से युवक को भिड़ता देख तीन और पुलिसकर्मी मौके पर आए तो युवक उन पर भी हाथ-पैर चलाने लगा। किसी तरह चारों पुलिसकर्मियोें ने युवक पर काबू पाया और उसे भेलूपुर थाने की हवालात में डाल दिया गया। युवक की करतूत देख भेलूपुर थाने के समीप तमाशबीनों की भीड़ लग गई थी।
लंका स्थित मालवीय चौराहे से कैंट जा रहे एक ऑटो में सुबह करीब दस बजे बीएचयू की एक छात्रा सवार हुई। इसी दौरान एक युवक आकर उसके बगल में बैठा। छात्रा का आरोप था कि युवक उसके बगल में बैठते ही छेड़खानी करने लगा। छात्रा ने विरोध किया इसके बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। छात्रा के शोर मचाने पर चालक ने ऑटो को भेलूपुर थाने के पास खड़ा कर दिया और युवक को उतर जाने को कहा। इस पर आरोपी युवक मारपीट करने लगा। आरोपी युवक को जब पुलिस ने गिरफ्त में ले लिया तो छात्रा उसे खरीखोटी सुनाते हुए बिना तहरीर दिए थाने से निकल गई। जानकारी पाकर थाने पर पहुंचे भेलूपुर सीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी की शिनाख्त सिगरा निवासी कुणाल घटक के तौर पर हुई है। उसका शांतिभंग के आरोप में चालान किया गया है।