थाना क्षेत्र की बुद्धा सिटी कॉलोनी में शनिवार की शाम हाईटेंशन तार की चपेट में आने से निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर छेदी राजभर (45) की मौत हो गई। उसे बचाने में उसके चार साथी झुलस गए। पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर लोग सड़क पर उतर आए। हनुमान मंदिर के पास चक्काजाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
आजमगढ़ निवासी हिटलर सिंह का बुद्धा सिटी कॉलोनी में मकान बन रहा है। ठेकेदार संजय यादव ने मकान बनाने का ठेका लिया है। शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे गंज निवासी मजदूर छेदी सीढ़ी लगाकर छत पर जा रहा था। इसी दौरान वह घर के पास से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने में चिरईगांव निवासी निहोरी और बरईपुर निवासी जितेंद्र समेत चार मजदूर घायल हो गए। सूचना के बाद घरवालों और ग्रामीणों ने सारनाथ-म्यूजियम मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास जाम लगा दिया। सारनाथ पुलिस ने मुआवजा और कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त कराया। एसओ का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।