आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर जिले में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान गुरुवार को लोहता पुलिस ने 40 लाख रुपये जब्त किए।
इसे इंडिगो कार से वाराणसी से भदोही ले जाया जा रहा था। कार भी जब्त कर ली गई है।
खुद को एक फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताने वाले कार चालक से पुलिस और आयकर अधिकारी पूछताछ में जुटे रहे।
वहीं, कपसेठी पुलिस ने 50 लाख रुपये नगद और फूलपुर पुलिस ने 2.77 किलोग्राम सोने के जेवर पकड़े लेकिन छानबीन और तस्दीक के बाद उन्हें छोड़ दिया।
कपसेठी चौराहे पर वाराणसी से भदोही जा रही कैशवैन को थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र ने रुकवाया। कैशवैन में रखे बक्से से पुलिस ने 50 लाख बरामद किए। उसके चालक और गनर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
थाने में हुई पूछताछ में सामने आया बरामद रुपये एक निजी बैंक के हैं और उन्हें मिर्जापुर व भदोही की शाखाओं में पहुंचाने के लिए ले जाया जा रहा था। बैंक कर्मियों ने इसके कागजात प्रस्तुत किए तो वैन को जाने दिया गया।
तीसरा मामला फूलपुर थाना क्षेत्र का है। करखियांव स्थित डिग्गी बार्डर पर पैदल जा रहे एक युवक के बैग से 2.77 किलोग्राम सोने के जेवरात बरामद किए गए।
बताया जाता है कि वह पहले कार में सवार था लेकिन जब तलाशी होती देखी तो कार से उतरकर पैदल जाने लगा। इस पर पुलिस को शक हुआ और रोककर उसकी तलाशी ली।
बरामद जेवरात जौनपुर के एक सराफा कारोबारी के थे। सूचना पाकर फूलपुर थाना पहुंचे कारोबारी ने कागज प्रस्तुत किया तो आयकर और वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों ने उसे जांच के लिए ले लिया और जेवरात छोड़ दिया।