गाजीपुर बलिया और मऊ में पकड़े गए रुपये
विधान सभा चुनाव के मददेनजर की जा रही वाहनों की जांच में शुक्रवार पूर्वांचल को तीन जिलों में 37 लाख 23 हजार रुपये पकड़े गए। रकम से संबंधित कागजात न दिखा पाने पर पूरी राशि जब्त कर ली गई। जबकि भदोही जिले में भदोही-वाराणसी सीमा पर शुक्रवार को सुबह एक वैन से दो करोड़ रुपये मिले। पैसा वाराणसी से भदोही के काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक में जा रहा था।
सभी कागज सही मिलने मिलने पर छोड़ दिया। गाजीपुर जिले के मुहम्महाबाद क्षेत्र के सलेमपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान बोलेरो गाड़ी से 30 लाख रुपये पुलिस ने जब्त किया।
गाड़ी में बैठे यूनियन बैंक की करीमुददीनपुर शाखा के प्रबंधक अभिषेक ने बताया वे यह धन मुहम्मदाबाद शाखा से लेकर वे अपनी शाखा करीमुददीनपुर जा रहे हैं पर इससे संबंधित कोई कागज नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली।
इसी जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित शहीद चौक के पास पुलिस ने एक कार से एक लाख रुपये की करेंसी बरामद की। कार में बैठे अमित अग्रहरी के पूछताछ में संतोषजनक जवाब न देने पर रकम जब्त कर ली गई है।
मऊ जिले के घोसी में एक सफारी कार से मिले एक लाख 40 हजार रुपये से जुड़े कागजात न दिखापाने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली।
बलिया जिले में चितबड़ागांव पुलिस ने बक्सर से बेल्थरारोड जा रही एक स्कार्पियो में सवार जटाशंकर प्रसाद गुप्त के पास से दो लाख रुपये , जय प्रकाश नगर में बिहार सीमा पर स्थित चांद दियर चौकी पर मोतिहारी जिले से आ रही डीसीएम मे सवार इलाहाबाद जिले के रवि कुमार से एक लाख 35 हजार 50 रुपये तथा सिकंदपुर थाना क्षेत्र के दरौली घाट पर बिहार के सिवान जिले के रघुनाथपुर निवासी को सत्यप्रकाश के पास 138000 रुपये बरामद हुए हैं।
रुपयों से संबंधित कागजात न दिखा पाने पर पूरी राशि जब्त कर ली गई।
वहीं शुक्रवार देर रात आजमगढ़ में एक बोलेरो से पुलिस ने 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। कुछ अन्य जगहों पर भी शराब बरामद होने की सूचना है।