बलिया के एक होटल में बर्थडे की पार्टी कर रहे कुछ युवक आपस में ही भिड़ गए। दो पक्षों में जमकर धारदार हथियार चले। घटना में पूर्व मंत्री स्व. बच्चा पाठक के पोते समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। होटल कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां तीन की हालत नाजुक देख वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना रविवार दे रात की है। पीड़ित के चाचा मनोज पाठक के तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत 10 अज्ञात पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस की माने तो कोतवाली स्थित एक होटल में जापलिनगंज निवासी गौरव पाठक(30) की बर्थडे पार्टी दोस्तों के साथ चल रही थी। इस दौरान वो और उसके दोस्तों ने छककर शराब पिया। रात करीब 11.30 बजे किसी बात को लेकर वह आपस में भिड़ गए।
मामले ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों ओर से धारदार हथियार चलने लगे। इसमें गौरव पाठक (30), उसका दोस्त विकास उपाध्याय (33), गड़वार निवासी शशिकांत उपाध्याय (36), और काशीपुर निवासी विवेक पांडेय (28) गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात हुई तो होटल में अफरा तफरी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। हो हल्ला सुनकर आसपास के लोग वहां जुट गए और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां गौरव, विकास और विवेक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।