जैतपुरा थाना अंतर्गत सलारपुरा बकरियाकुंड में रविवार को कब्रिस्तान की जमीन की पंचायत के दौरान दो गुट आमने-सामने आ गए। उनके बीच लाठी-डंडे, रॉड से जमकर मारपीट हुई। ईंट-पत्थर चले। मौके पर पहुंची जैतपुरा थाने की पुलिस पर भी पथराव किया गया। बवाल बढ़ता देख सात थानों की फोर्स और चार क्षेत्राधिकारियों के साथ एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। लाठी पटककर उपद्रवियों को खदेड़ा गया। पथराव में तीन पुलिसकर्मियों समेत सात लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की तहरीर पर जैतपुरा थाने में 18 नामजद और 350 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, घायल कांस्टेबलों की तहरीर पर भी दोनों पक्षों से दो नामजद और उनके अज्ञात समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जैतपुरा के सलारपुरा बकरियाकुंड में पुराना कब्रिस्तान है। इन दिनों कब्रिस्तान की चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। इलाके के अंसारी पक्ष के लोगों का आरोप है कि कुरैशी पक्ष के लोग चहारदीवारी पर अवैध रूप से दूकानें बनवा रहे हैं। इससे आवागमन सहित कई तरह की दिक्कतें आएंगी। नाराज अंसारी पक्ष के लोगोें ने दूकान निर्माण पर आपत्ति जताते हुए काम रुकवा दिया। मामले को लेकर रविवार की दोपहर दोनों पक्षों की पंचायत झाड़ू शहीद मस्जिद में बुलाई गई थी।
पंचायत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट और पथराव में तब्दील हो गई। इससे इलाके में एक से डेढ़ घंटे तक अफरातफरी मची रही। एसपी सिटी राजेश यादव के साथ मौके पर पहुंची सात थानों की फोर्स ने उपद्रवियों को खदेड़ने के बाद इलाके में घूमकर लाउडहेलर से सभी को शांतिपूर्वक रहने की ताकीद की। इलाके में तनाव को देखते हुए एक कंपनी पीएसी तैनात कर दी गई है। पथराव में दोनों पक्षों से रिक्की, परवेज, मुख्तार अहमद और सनाउल्ला घायल हुए हैं जबकि कुछ अन्य को मामूली चोट आई है।
अंसारी पक्ष के मुख्तार अहमद की तहरीर पर गुड्डू, असलम, साहेब, स्वालेह, अरशद, परवेज, अंजेब व 150 अज्ञात और कुरैशी पक्ष के मुमताज अली की तहरीर पर हाजी निसार, मुश्ताक, मुजफ्फर, वसीम, जावेद, बकीर, रमजान, जुल्फिकार, रज्जाक, शकील, अंजुमन व सौ अज्ञात के खिलाफ जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पथराव में घायल जैतपुरा थाने के कांस्टेबल प्रदीप पाठक, करुणानिधान सिंह, प्रदीप सिंह पटेल की तहरीर पर मुख्तार अहमद और मुमताज अली सहित उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।