फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुना एक्सप्रेस वे इलाके में डकैतों का तांडव

Mon, 23 Jan 2017 01:38 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
विज्ञापन
यमुना एक्सप्रेस वे इलाके में डकैतों का तांडव - फोटो : Dig Vishal
विज्ञापन
 यमुना एक्सप्रेस वे का जिकरपुर इलाका शनिवार रात पूरी तरह बदमाशों के कब्जे में रहा। आधा दर्जन बदमाशों ने पहले हिमाचल के एक पूर्व डीआईजी के फार्म हाउस में लूटपाट की और महिला, उसकी युवा भांजी व बच्चों के साथ वहशीपन दिखाया। बदमाशों ने प्लास से उनके अंगों को नोचा और जलाया। यहां से निकलकर एक्सप्रेस वे पर खड़ी दिल्ली से लखनऊ जा रही बस में लूटपाट के दौरान दो यात्रियों को गोली मार दी। मथुरा बॉर्डर पर हुई इस वारदात की सूचना पर आईजी के अलावा अलीगढ़-मथुरा जिले की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। घंटों जांच के बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।
विज्ञापन

हिमाचल कैडर के नोएडा निवासी सेवानिवृत्त डीआईजी आरके सिंह का टप्पल थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के सहारे गांव जिकरपुर के पास फार्म हाउस है, जिसमें मथुरा के नौहझील क्षेत्र के गांव अवाखेड़ा का रंजीत चौकीदार है। उसके अलावा इसी क्षेत्र का एक अन्य युवक भी चौकीदार है। दूसरे युवक की पत्नी (32), बेटा (11), बेटी (9) के अलावा पत्नी की 18 वर्षीय भांजी भी साथ ही रहती है। फार्म हाउस में तीन कमरे बने हैं, रंजीत एक कमरे में रहता है, जबकि बाकी दो कमरों में दूसरे चौकीदार का परिवार रहता है। इस परिवार की युवती की शादी अगले माह होनी है। इसी की तैयारियों के सिलसिले में वह चौकीदार राजस्थान गया था। रात रंजीत अपने कमरे में सोया था और दूसरे चौकीदार का परिवार एक कमरे में सोया था।
रात करीब साढ़े दस बजे आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश फार्म हाउस की बाउंड्री फांदकर  घुस गए। उन्होंने पहले रंजीत का कमरा खुलवाया। उसे बंधक बनाने के बाद पीटा। बाद में पुलिसकर्मी बनकर यह कहकर दूसरे चौकीदार का दरवाजा खुलवाया कि दबिश देनी है। जैसे ही कमरा खुला तो दूसरे चौकीदार की पत्नी, भांजी व बच्चों को बंधक बना लिया। यहां बदमाशों ने डीआईजी द्वारा फार्म हाउस में रखे गए 50 लाख की डिमांड शुरू कर दी गई। हालांकि पीड़ित ऐसी किसी रकम की जानकारी से इंकार करते रहे।
विज्ञापन

मगर बदमाशों ने महिला, युवती व रंजीत आदि को टॉर्चर करना शुरू कर दिया। दो बजे तक बदमाश यहां रुके और जाते समय सभी के हाथ पैर बांधकर कमरों में बंद करते हुए मोबाइल, दो हजार रुपये नगद, दो अंगूठी, जंजीर, पाजेब, कुंडल  आदि लूट ले गए। यहां से जाते समय वह एक्सप्रेस वे पर मथुरा की ओर बढ़े। वहां उन्हें आनंद विहार, दिल्ली से लखनऊ जा रही यूपी रोडवेज की स्लीपर बस खड़ी मिल गई। बस का टायर पंक्चर हो गया था, जिसे बदला जा रहा था। 
बदमाशों ने वहां यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। दर्जन भर से ज्यादा यात्रियों को लूटा। इस दौरान विरोध करने पर यात्री राजू व पूर्ण निवासी खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद को गोली मार दी। बदमाशों ने अनंतनाग में तैनात सेना के जवान विवेक यादव को तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। इसी बीच खबर पर सबसे पहले नौहझील थाने का दरोगा पहुंचा। वह हाईवे पर खड़े होकर पूछताछ कर रहा था, तभी एक वाहन की चपेट में आने से दरोगा व सिपाही जख्मी हो गए। बाद में सूचना पर आईजी आगरा जोन सुजीत पांडेय, एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी देहात संकल्प शर्मा, सीओ ओपी सिंह, इंस्पेक्टर टप्पल, फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट आदि पहुंच गई। घंटों की जांच पड़ताल के बाद दोनों घटनाओं में डकैती के दो मुकदमे दर्ज किए गए। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
- एक ही गिरोह ने दोनों वारदातें की हैं। शुरुआती सूचना में गैंगरेप की बात आई थी। मगर महिला व युवती ने पूछताछ में खुद के साथ गैंगरेप को नकार दिया। लिखित तहरीर में भी यह उल्लेख नहीं किया है। चूंकि उनके साथ बेरहमी से मारपीट हुई है, इसलिए मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट में जो भी सामने आएगा, उस तथ्य को मुकदमे में शामिल किया जाएगा। बदमाशों की तलाश में टीम लगा दी गई हैं।
विज्ञापन

-राजेश पांडेय एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें