भुल्लनपुर स्थित पीएसी 34वीं वाहिनी परिसर में चल रही यूपी पुलिस की भर्ती में सोमवार को एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। वह किसी दूसरे युवक की जगह दौड़ में शामिल होने गया था। भर्ती करा रहे अधिकारियों ने बायोमेट्रिक जांच में उसे पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्तार प्रशांत शुक्ला मिर्जापुर के विंध्याचल का रहने वाला है। पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।
पीएसी परिसर में यूपी पुलिस के कांस्टेबल की भर्ती चल रही है। भर्ती के पहले चरण में अभ्यर्थियों की दौड़ होती है। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे बायोमेट्रिक जांच में भर्ती करा रहे अधिकारियों ने प्रशांत शुक्ला को पकड़ लिया। उसके पास जो मतदाता पहचान पत्र था उस पर फोटो विंध्याचल के गोडसर सरपता निवासी धर्मेंद्र यादव का लगा था लेकिन नाम प्रशांत का लिखा हुआ था। प्रवेश पत्र पर भी उसने नाम बदल दिया था।
पूछताछ में उसने बताया कि वह धर्मेंद्र की जगह दौड़ में भाग लेने आया है। सूचना के बाद पहुंची मंडुवाडीह पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास दो अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र और दो चिप बरामद किए गए। पुलिस भर्ती के प्रभारी एवं एसपी सुरक्षा राकेश कुमार सिंह का कहना है कि बायोमेट्रिक जांच में प्रशांत शुक्ला को पकड़ा गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। धर्मेंद्र के बारे पता चला है कि वह उड़ीसा रहता है। मामले की जांच की जा रही है।