कैंट, बड़ागांव और रामनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने तीन मकान और दूकान को निशाना बनाया। हजारों रुपये नकद व हजारों के जेवरात समेट ले गए। रविवार की सुबह भुक्तभोगियों की सूचना पर इलाकाई पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
कैंट थाने के पांडेयपुर नईबस्ती निवासी नगर निगम कर्मी महेश के घर में घुसकर चोर पांच मोबाइल, एक लैपटॉप और 1700 रुपये नगद चुरा ले गए।
इसी मुहल्ले के सराफा कारीगर गुरु प्रसाद सोनी के घर से 40 हजार रुपये नगद और एक लाख रुपये मूल्य के जेवरात चुरा ले गए। दोनों घटनाओं को पुलिस ने संदिग्ध बताय है। उधर, बड़ागांव कस्बा निवासी हाजी सेराजुद्दीन के घर से चोर बाइक, ऑटो और घर के अंदर आलमारी तोड़ कर जेवरात सहित तीन लाख 25 हजार रुपये से ज्यादा की चपत लगा गए।
उधर रामनगर के मछरहट्टा निवासी अनिल गुप्ता की रामनगर चौक स्थित पेेंट की दूकान के शटर का ऊपरी हिस्सा तोड़कर चोर अंदर घुसे और दूकान में रखे 12 हजार रुपये नकद, एक एलसीडी टीवी और पेंट के कुछ डिब्बे चुरा ले गए। यह घटना पुलिस पिकेट से महज चंद कदम दूर हुई।