पत्नी से विवाद और पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना यूपी के भदोही जिले के बाजार के स्टेशन रोड की है। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड टीम ने पुलिस के सहयोग से युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। संतोष जायसवाल के पुत्र दिनेश जायसवाल (27) के कूदने पर उसे निकालने के लिए ग्रामीणों ने प्रयास किया लेकिन सफलता न मिलने पर फायर विभाग ने पहुंचकर शव निकाला। हालांकि कुएं में पानी नहीं था। ऐसे में उसे गंभीर चोट आ गई थी।
उसकी मौत दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है। दिनेश की शादी पांच मई को वाराणसी में कछवां क्षेत्र के जमुवां बाजार में हुई है। बताया गया कि शादी के बाद से ही दिनेश की पत्नी पिंकी से विवाद होता था। दोनों के बीच मामला तलाक तक पहुंच गया था।
कई बार पंचायत के बाद भी मामले का हल नहीं निकल सका। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी मामला सुलझ नहीं सका। दिनेश पुलिस की प्रताड़ना से भी काफी त्रस्त बताया गया। दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने भी ले आई थी।
लोगों ने बताया कि पत्नी से विवाद बढ़ने और पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। दिनेश तीन भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किसी ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।
पारिवारिक विवाद में उलझा दिनेश जायसवाल कई बार जान देने का प्रयास पहले भी कर चुका था। रविवार की शाम को भी ट्रेन से कटकर मौत की सूचना फैली थी लेकिन वह अफवाह ही रही। ट्रेन से कटने की सूचना पर लोग रेलवे ट्रैक पर उसका शव तलाशते रहे।