कम समय में रकम दोगुनी, चौगुनी करने का लालच देकर लोगों के 16 करोड़ रुपये लेकर भागे फर्जी फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी निरंजन उपाध्याय को मंगलवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
भदोही एसपी सचिंद्र पटेल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भदोही के पूरेश्याम निवासी विजय शंकर मौर्य ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि भदोही में खोली गई स्ट्रेटएस फाइनेंसियल निधि लिमिटेड कंपनी लोगों से 29 लाख के चेक जमा कराने के बाद कमीशन और ब्याज सहित 36 लाख रुपये लेकर भाग गई है।
इस मामले में पुलिस ने जालसाजी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के लिए भदोही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने सर्विलांस के जरिए मंगलवार को कंपनी के प्रबंधक निरंजन उपाध्याय निवासी खुदरा जिला गाजीपुर को ज्ञानपुर रोड स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि घटना में आरोपी के साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में एचडीएफसी बैंक का फाइनेंसियल कार्य करता है। मित्रों के साथ वर्ष 2013 में भदोही के दिव्या लॉन में उसने फाइनेंस कंपनी खोली थी।
कम समय में रकम दोगुनी और चौगुनी करने का लालच देकर करीब तीन साल में 16 करोड़ से अधिक धनराशि जमा कराने के बाद 2016 में फरार हो गया। निवेशकों का पैसा आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक और केनरा बैंक में कंपनी के खाते में जमा किया जाता था।