बैंक कर्मचारियों से पूछताछ करते पुलिस के आलाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार की सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बैंक को लूटने का प्रयास किया। इस दौरान जब चपरासी ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसे गोली मार दी। चपरासी ने गोली लगने के बाद भी बदमाशों को पकड़े रखा। घटना यूपी के जौनपुर जिले की है।
बताया जा रहा है कि मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के शीतलगंज बाजार में स्थित काशी संयुत ग्रामीण बैंक में सुबह करीब साढ़े 10 बजे दो बदमाश घुस गए। हथियार बंद बदमाशों ने बैंक को लूटने प्रयास किया।
वहीं बैंक में अपराधियों को देख कर्मचारियों ने दिलेरी दिखाई और उनसे भिड़ गए। चपरासी सूरज ने तो एक बदमाश को पकड़ लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने सूरज को गोली मार दी जो उसके कमर में लगी।
गंभीर रुप से घायल सूरज ने फिर भी उसे नहीं छोड़ा। इसके बाद बदमाश उसे घसीटते हुए बैंक के बाहर तक ले आए और बाइक से फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर जिले के एसपी समेत आला पुलिस अधिकारी पहुंच गए। मामले की जांच जारी है।
घटनास्थल से बदमाशों की पिस्टल, गोली, मोबाइल सिम और बैग बरामद हुआ है। घायल सूरज को वाराणसी रेफर कर दिया गया है।