बलिया में एक बेरहम हत्यारों ने युवक से उसका नाम और पता पूछा फिर गोली मार दी। युवक की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर-करनी मार्ग स्थित तेलमा जमालुद्दीनपुर ग्राम में शनिवार की रात बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी।
आसपास के लोग उसे सीएचसी सीयर ले गए, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने भांजे प्रीतम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उभांव थाना क्षेत्र के बभनौली गांव निवासी रोहित कुमार (22) इलाहाबाद में रहकर पढ़ाई करता है। वह बड़े भाई के शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। शनिवार की रात वह जेनरेटर ले जाने के लिए अपने भांजे रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के जाम निवासी प्रीतम के साथ तेलमा जमालुद्दीनपुर पहुंचा।
तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और रोहित से उसका नाम पता पूछ उसे तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस बाबत रसड़ा सीओ श्रीराम ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी शीघ्र ही पुलिस के गिरफ्त में होंगे।