दीवार फांदकर बचाई जान, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
आजमगढ़ जिले के हमीदपुर गांव स्थित स्कूल में रविवार को पानी पीने गए युवक का प्रबंधक के साथ विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि प्रबंधक ने रिवाल्वर से उसके ऊपर फायर कर दिया। युवक ने दीवार फांदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के गांव कोठिया निवासी अजय यादव पुत्र हरिशंकर यादव हमीदपुर (सैयदवारा) स्थित निजी स्कूल के बगल में अपने खेत में धान की निराई कर रहा था। रविवार सुबह प्यास लगने पर स्कूल प्रांगण में पानी पीने चला गया।
इस दौरान किसी बात को लेकर विद्यालय के प्रबंधक और युवक में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि प्रबंधक तेजेन्द्र सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से उसके ऊपर दो फायर किए, लेकिन वो बाल-बाल बच गया। गोली दीवार पर जा लगी।
युवक ने दीवार फांदकर अपनी जान बचाई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इधर, प्रबंधक फरार हो गया। युवक के पिता हरिशंकर यादव ने बताया कि रंजिशन प्रबंधक ने गोली चलाई थी। थानाध्यक्ष गिरीशचंद सेठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।