कॉलेज के गेट पर हफ्ता भर पहले छात्र सर्वेश को मारी थी गोली
यूपी कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार पर छात्र सर्वेश राज सिंह को गोली मारने के आरोपी अनुपम नागवंशी और अतुल सिंह ने सोमवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट षष्टम अंकुर शर्मा की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बताया जाता है कि पांच हजार के इनाम की घोषणा के बाद पुलिस का बढ़ता दबाव देख कुर्की के डर से दोनों ने सरेंडर किया है।
बीते 30 जनवरी को छात्र सर्वेश राज सिंह को कॉलेज के निष्कासित छात्र और छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अनुपम ने चार गोली मारी थी। वह अपने दोस्त अतुल सिंह की बाइक पर बैठकर आया था।
संयोग ही था कि चार गोलियां लगने के बाद भी सर्वेश की जान बच गई। वारदात के बाद दोनों की तलाश में चुनार, चंदौली और बिहार में छापेमारी की गई। इसके बाद भी जब पता नहीं लगा तो एसएसपी ने दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
शिवपुर पुलिस कुर्की की तैयारी में थी। इसी बीच मंगलवार को दोनों कचहरी पहुंचे और पुलिस को चकमा देकर आत्मसमर्पण कर दिया।
शिवपुर इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा ने बताया कि न्यायालय की अनुमति से दोनोें को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। दोनों की फरारी में जितने लोगों ने सहयोग किया है, वे भी जेल भेजे जाएंगे।