10 सितंबर, 2016 को हुआ था फरार
- फोटो : demo
चंदौली जिले के नौबतपुर स्थित पेट्रोल पंप से एक करोड़ आठ लाख रुपये लेकर फरार मैनेजर को पुलिस ने भगवानपुर नहर पुलिया के समीप से मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नौबतपुर स्थित पेट्रोल पंप संचालक भूपेंद्र सिंह ने बीते 10 सितंबर, 2016 को थाने में तहरीर दी थी कि पंप पर कार्यरत मैनेजर रिषभ श्रीवास्तव बकाया वसूली के एक करोड़ आठ लाख रुपये लेकर फरार हो गया है।
वह वाराणसी जिले के कैंट थाना क्षेत्र के बेलवा बाबा गांव का निवासी है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने पंप संचालक की तहरीर पर रिषभ के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कर लिया।
उसके मोबाइल के सर्विलांस में लगाए जाने पर पहली बार उसकी सूचना हैदराबाद में मिली लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने के पूर्व ही वह फरार हो गया था। दूसरी बार उसके उन्नाव में होने की सूचना मिली लेकिन वहां से भी चकमा देकर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीसरी बार मुखबिर की सूचना पर रिषभ को पकड़ने में पुलिस को कामयाबी मिली।