सोनभद्र जिले के छपका गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद में पुलिस के उदासीन रवैये के विरोध में राजेश (32) पारेषण लाइन के टॉवर पर चढ़ गया।
लोगों के समझाने पर उतरते समय पैर लड़खड़ाने वे वह टॉवर से टकराते हुए नीचे गिरकर घायल हो गया। ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इससे नाराज लोगों ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने समझाकर जाम समाप्त कराया।
शुक्रवार को सुबह 10.45 बजे राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव निवासी राजेश घर के सामने स्थित पारेषण लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। गले में रस्सी डालकर वह एक हाथ से बोतल हवा में लहराता रहा।
उसने आरोप लगाया कि उसके घर के सामने की जमीन के मामले का पुलिस, प्रशासन निस्तारण नहीं कर रहा है। वह टॉवर से कूदने की धमकी देने लगा। सूचना पर प्रशासनिक अमला पहुंच गया। टकरीब आधे घंटे तक समझाने पर वह उतरने के लिए तैयार हुआ, लेकिन जैसे ही उसने पैर बढ़ाया टॉवर से टकराते हुए वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाते समय रास्ते में अहरौरा के समीप उसकी मौत हो गई।
इससे नाराज लोगों ने राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
इस दौरान एक युवक द्वारा चलाया गया पत्थर एसडीएम के वाहन के शीशे पर भी लगा। संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य बंद करवाकर सदर एसडीएम अशोक यादव, सीओ धनंजय कुशवाहा ने जाम समाप्त कराया।