केस दर्ज कराने के बाद गुस्सा शांत हुआ तो खाना लेकर थाने पहुंची पत्नी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी की लक्सा पुलिस को सोमवार को अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा। रामापुरा निवासी दंपती में मारपीट हुई। पति ने पत्नी को घर से निकाल दिया। नाराज पत्नी थाने पहुंची। उसकी तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मारपीट और धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस तब हैरान रह गई जब आरोपी की गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही पत्नी उसके लिए खाना लेकर थाने पहुंच गई। कार्रवाई न करने की अर्जी देते हुए उसे छोड़ने की मांग करने लगी। बोली कि जब तक पति को छोड़ा नहीं जाएगा, वह थाने से नहीं जाएगी।
दरअसल, रामापुरा की चंदा बिंद ने लक्सा थाने पहुंचकर आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। मायके से एक बाइक और पचास हजार रुपये नगद नहीं लाने पर उसके पति राजेंद्र बिंद ने लक्सा त्रिमुहानी पर उसकी पिटाई की। फिर घर में प्रवेश नहीं करने दिया।
दोनों का विवाह चार वर्ष पूर्व हुआ और उनकी एक बच्ची है। चंदा की शिकायतों के आधार पर लक्सा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
लक्सा इंस्पेक्टर राघवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जब विवाहिता शिकायत लेकर आई थी तभी उसे समझाया गया कि घर का मामला है, कुछ घंटे इंतजार कर लो और पहले आपस में बात कर विवाद सुलझाने का प्रयास करो लेकिन उसने एक नहीं सुनी।
मामले की गंभीरता देखते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके कुछ ही घंटे बाद वो पति के लिए खाना और अर्जी लेकर आई और कहने लगी कि पुलिस कोई कार्रवाई न करे। उसे समझाया गया कि मुकदमा दर्ज हो चुका है, लिहाजा अब जो भी होना है वो न्यायालय के स्तर से ही होगा।