अहरौरा। जिगना गांव में एक महिला ने शनिवार को जामुन के पेड़ पर फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार महिला की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। पति से अनबन होने के चलते वह चार माह से मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार की रात वह खेत जाने लगी। ज्यादा रात होने के चलते उसकी मां ने उसे अकेले जाने से मना कर दिया और उसकी भाभी को भी साथ भेज दिया। बताया जाता है कि घर से थोड़ी दूर तक आने के बाद वह भाभी का साथ छोड़कर चल गई। उसकी भाभी ने घर जाकर इसकी जानकारी दी। रात में परिजनों ने उसे ढूंढा लेकिन पता नहीं चल सका। शनिवार की भोर में नदी के उस पार जामुन के बगीचे में पेड़ से लटकता महिला का शव मिला। पुलिस इस मामले में विजय बिंद के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है।