जौनपुर। बिजली के दगा देने से यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन सिकरारा क्षेत्र के कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे शो पीस बन गए। नकल रोकने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बिजली गुल होने की वजह से ठप रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को अनिवार्य रूप से इनवर्टर, जनरेटर लगाने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी ने लापरवाही दिखाई तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए इस बार सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। परीक्षा से पहले ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया था कि केंद्र पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जनरेटर अथवा इनवर्टर का इंतजाम कर लें। जो केंद्र व्यवस्थापक बिजली के भरोसे रह गए वहां, सुबह बिजली कटौती के कारण सीसीटीवी कैमरे ठप रहे। सिकरारा क्षेत्र में सुबह से ही बिजली गुल हो गई थी। इसी तरह के जिले के कई अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप रहने से कैमरे बंद पड़े रहे। कुछ केंद्रों पर बिजली होने के बावजूद तकनीकी गड़बड़ी के कारण कैमरे ठप रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश शुक्ल ने कैमरे बंद होने की जानकारी से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी शिकायत पाई जाएगी तो केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।