बदलापुर/घनश्यामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की फर्जी कापियां पकड़े जाने के बाद कापियां छपवाने के आरोपी प्रबंधक ओमप्रकाश तिवारी के तियरा स्थित मां शारदा विद्यालय में मंगलवार को प्रथम पाली की परीक्षा में अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। केंद्र व्यवस्थापक कुमारी सुहासनी परीक्षा कक्ष के बाहर बरामदे में बैठी थीं जबकि सीसीटीवी कैमरा वाले कक्ष से उनका कोई सरोकार नहीं था। मौके पर पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार श्रीवास्तव अधिशासी अभियंता जल निगम निर्माण खंड ने उन्हें फटकार लगाई।
मजिस्ट्रेट ने कहा कि परीक्षा कक्ष में क्या हो रहा है, बरामदे में बैठने से नहीं पता चलेगा। आप कैमरे के पास बैठकर कक्षों की गतिविधियों का निरीक्षण करें। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। विद्यालय में कक्षा हाईस्कूल विषय गृहविज्ञान में 68 परिक्षार्थियों के सापेक्ष 40 उपस्थित रहे। 28 ने परीक्षा छोड़ दिया। इंटर के विषय साहित्यिक हिंदी की परीक्षा में 30 के सापेक्ष 18 उपस्थित रहे, 12 ने परीक्षा छोड़ दिया। केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा से संबंधित अभिलेखों को बाहरी लोगों को बुलाकर दुरुस्त करा रही थीं। बतौर स्टैंटिक मजिस्ट्रेट बदलापुर के खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र देव मिश्र कक्षों का बराबर चक्रमण करते रहे। सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने यहां की परीक्षा सुचिता पूर्ण कराने के लिए परीक्षार्थियों की सीटिंग प्लान आदि स्वयं तैयार कराया था। सेक्टर मजिस्ट्रेट श्रीवास्तव ने राजकुमार जायसवाल इंटर कालेज तियरा में चल रही परीक्षा की प्रथम पाली का निरीक्षण किया। इस दौरान सब कुछ ठीक मिला। कौशिल्या देवी इंटर कालेज महराजगंज में उस समय अफरा तफरी मच गई जब खंड विकास अधिकारी के निरीक्षण के दौरान कक्ष संख्या तीन में चार पेज की नकल सामग्री परीक्षार्थियों के पैर के नीचे गिरी हुई मिली। खंड विकास अधिकारी ने कक्ष निरीक्षक जयप्रकाश जायसवाल तथा अजीत पाठक से इस संबंध में पूछताछ करने के साथ ही उन्हें चेतावनी भी दिया। कौशिल्या देवी इंटर कालेज के कक्ष संख्या तीन में पाई गई नकल सामग्री की रिपोर्ट खंड विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह ने कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को पत्र लिखकर अवगत करा दिया है।