वाराणसी। प्रदेश की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम करेंगे। हरसंभव यह प्रयास होगा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल टूटे और आम आदमी पुलिस को अपना मित्र माने। एडीजी जोन वाराणसी से एडीजी लॉ एंड आर्डर के पद पर स्थानांतरित हुए आईपीएस पीवी रामाशास्त्री ने शुक्रवार को यह बातें अपने कार्यालय में कहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप काम करते हुए आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। बता दें कि वाराणसी जोन के नए एडीजी के तौर पर 1991 बैच के आईपीएस ब्रज भूषण को तैनात किया गया है।
1989 बैच के आईपीएस पीवी रामाशास्त्री वाराणसी के एडीजी जोन के पद पर एक वर्ष चार माह से अधिक समय तक तैनात रहे। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में जनसेवक के तौर पर काम करने वालों को यहां के लोगों से अगाध प्रेम और सहयोग मिलता है। नए एडीजी ब्रज भूषण बनारस और जोन के 10 जिलों से भलीभांति वाकिफ हैं। पूर्व के अनुभव के आधार पर वह और बेहतर तरीके से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का पालन, अपराधियों में कानून का भय, समाज में शांति और आमजन के बीच कानून के प्रति भरोसा कायम रखना पुलिस के काम हैं। इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए वह सदैव काम करते रहेंगे। उधर, एडीजी जोन की नई तैनाती को लेकर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। आईजी रेंज विजय सिंह मीना, एसएसपी आनंद कुलकर्णी, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण एमपी सिंह के साथ ही रेंज और जिला स्तर के कई पुलिस अधिकारी उन्हें बधाई देने उनके कार्यालय पहुंचे थे।