मधुपुर/सोनभद्र। जिले से सटे मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के तालर गांव में सोमवार की रात मनबढ़ों ने चाकू घोंपकर एक वृद्ध को गंभीर रूप से घायल कर दिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले। जिला अस्पताल से वाराणसी ले जाते वक्त बालकिशुन (60) की मौत हो गई। मृतक सुकृत क्षेत्र के परही गांव के रहने वाला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को परही के रहने वाले बालकिशुन यादव अपने रिश्तेदारी में दीपनगर गए थे। वहां से देर रात बालकिशुन रिश्ते में लगने वाले दामाद कमलेश के साथ बाइक पर सवार होकर तालर गांव के लिए रवाना हुए। कमलेश तालर का रहने वाला है। कमलेश ने बताया कि गांव मेें बाइक प्रवेश करते ही पहले से पेड़ के पास घात लगकार बैठे तीन-चार बदमाशों ने बाइक रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने चाकू से कई वार बालकिशुन के गर्दन, सिर पर करके उन्हें लहूलुहान कर दिया। शोर-गुल सुनकर घटनास्थल की ओर ग्रामीण दौड़े तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में निजी साधन से घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने घायल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते वक्त हिंदुआरी के समीप घायल ने दम तोड़ दिया। वापस घरवाले शव जिला अस्पताल ले गए। मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कमलेश ने बताया कि बदमाशों को वह नहीं पहचानता। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में अहरौरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था।