मधुबन । थाना क्षेत्र के गजियापुर में मंगलवार की रात में निजी बस में चालक और खलासी द्वारा गैंगरेप की शिकार महिला के चिकित्सीय परीक्षण की शेष प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूरी हुई। इस दौरान पुलिस ने पीड़िता को कोर्ट में पेश कर उसका 164 का बयान दर्ज कराई। उधर घटना के बाद गाजीपुर पुलिस द्वारा सौंपे गए तीन आरोपियों से मऊ पुलिस पूछताछ कर रही है। एक आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बृहस्पतिवार को दुष्कर्म पीड़िता को पुलिस सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे थाने से लेकर मऊ को रवाना हुई। यहां उसके चिकित्सीय परीक्षण की लंबित शेष प्रक्रिया को पूरा कराया गया। हालांकि स्लाइड बनाने की प्रक्रिया बुधवार की शाम को जिला महिला अस्पताल में पूरी कर ली गई थी। सूत्रों के मुताबिक चिकित्सीय परीक्षण में महिला के साथ रेप के लक्षण पाए गए। महिला चिकित्सक ने अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। रेप की शिकार पीड़िता ने जिला अस्पताल में बताया कि उसके साथ जो कुछ हुआ बस में ही हुआ है। एक्सरे और पैथालाजिकल जांच पूरी होने और अदालत में 164 का बयान दर्ज हो जाने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम महिला को उसकी ससुराल पहुंचा दिया। रेप के आरोपी अमन सोनकर को पुलिस ने आज सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेेजने का आदेश दी। डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र विजय भूषण के अनुसार जांच पूरी होने के बाद हिरासत में लिए गए आरोपियों के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि पुलिस पीड़िता को पूरा न्याय दिलाएगी।
आरोपियों को बचाने के लिए पुलिस कर रही लीपापोती
मऊ। गजियापुर में महिला के साथ निजी बस में हुए गैंगरैप की घटना में पुलिस लीपापोती का प्रयास कर रही है। पुलिस गैंगरेप को केवल एक खलासी द्वारा रेप करने और चालक सहित अन्य तीन पर छेड़खानी करने की घटना बताकर मामले को हल्का करने की कोशिश कर रही है। पुलिस शुरू से ही इस घटना को हल्के में ले रही थी। इसी का नतीजा रहा कि पुलिस ने घटना के 16 घंटे बाद दो बजे महिला को डाक्टरी मुआयना के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। यहां पर डाक्टरी परीक्षण होने तक 20 घंटे तक का समय व्यतीत हो चुका था। पुलिस इस घटना में महिला की रजामंदी होने तक बताने की कोशिश कर रही है।