बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के शाह मुहम्मदपुर गांव स्थित स्कूल के समीप शनिवार की रात साढ़े आठ बजे बोलेरो सवार बदमाशों ने बाइक सवार स्वस्थ कर्मी को गोली मारकर बाइक छीन ली। आसपास के लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के पटना गांव निवासी मिथिलेश राम 32 वर्ष पुत्र केदारनाथ राम भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसर अपने ससुराल अपनी पत्नी कनक लता को पहुंचाने गया था। वहां से घर वापस आ रहा था कि शाहमुहम्मदपुर स्थित गालु दास इण्टर कॉलेज के समीप बोलेरो सवार तीन बदमाशों ने मिथिलेश पर कट्टे से दो फायर झोंक दिया। गोली मिथलेश के पैर एवं कमर के नीचे लगी जिससे वहीं पर गिर गया। बदमाश बाइक एवं बैग लेकर भाग निकले। मिथिलेश रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर बीसीपीएम के पद पर कार्यरत है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।