झुन्ना के समर्पण की आशंका में पुलिस ने की घेरेबंदी
- एक लाख के इनामी बदमाश की गिरफ्तारी बनी है चुनौती
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। एक लाख के इनामी बदमाश झुन्ना पंडित और उसके गुर्गे 50 हजार के इनामी बदमाश रवि पटेल के अदालत में समर्पण की आशंका पर मंगलवार को दीवानी कचहरी परिसर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। सुबह से शाम तक पुलिस की घेरेबंदी के बीच झुन्ना और उसके गुर्गे का कहीं पता नहीं लगा। इससे पहले सोमवार की देर रात कार में सवार होकर झुन्ना के घूमने की सूचना पर पुलिस ने सारनाथ क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं लगा।
कैंट थाना अंतर्गत मढ़वा में बीती तीन सितंबर को अंधाधुंध फायरिंग कर दिव्यांग चाय-पान विक्रेता दिलीप पटेल की हत्या कर दी गई थी। प्रकरण में झुन्ना पंडित और छह गुर्गे वांछित हैं। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि झुन्ना और उसका गुर्गा रवि अदालत में समर्पण करने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर कैंट थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच की टीम दीवानी कचहरी परिसर में तैनात रही, लेकिन दोनों बदमाश नहीं आए। फिलहाल झुन्ना कहां है और किसके संपर्क में है, इस संबंध में पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं है।