बच्चा चोर की अफवाह के चक्कर में दो लोगों की पिटाई, दो जगह हंगामा
- पुलिस की बार-बार की अपील का भी नहीं हो रहा असर, एडीजी जोन बोले - सभी पर दर्ज कराएं केस
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी/सारनाथ/मिर्जामुराद। बच्चा चोरी की अफवाहों के चक्कर में विक्षिप्त और भीख मांगने वालों की पिटाई का सिलसिला थम नहीं रहा है। इस संबंध में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक भी किया जा रहा है, लेकिन लोग बातें समझने को तैयार ही नहीं हो रहे हैं। शुक्रवार को अफवाहों के चक्कर में आदमपुर और सारनाथ क्षेत्र में दो लोगों की पिटाई की गई। वहीं, लंका और मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में दो जगह लोगों ने हंगामा किया।
आदमपुर थाना अंतर्गत नवापुरा क्षेत्र में 65 वर्षीय भिखारी की बच्चा चोरी की शंका में स्थानीय लोगों ने पिटाई कर दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और घायल भिखारी को अस्पताल पहुंचाई। वहीं, सारनाथ थाना अंतर्गत सलारपुर में बलिया जिले के बांसडीह थाना के डोमरी गांव निवासी बृजलाल बिंद (36) को बच्चा चोर समझ कर स्थानीय लोगों ने पिटाई कर दी। बृजलाल के गांव के प्रधान ने पुलिस को बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। कोई ट्रेन पकड़ कर वह बनारस चला गया होगा। उधर, लंका थाना अंतर्गत महामनापुरी कॉलोनी और मिर्जामुराद थाना अंतर्गत ठटरा गांव में बच्चा चुराने वालों के मौजूद होने की अफवाह में लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। इस संबंध में एडीजी जोन बृज भूषण ने कहा कि बच्चा चोरी की अफवाहों पर आमजन ध्यान न दें। जो लोग बच्चा चोरी की अफवाह फैला कर किसी के साथ मारपीट करें, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार करने में देरी न की जाए।
-----------
शोहदा समझ कर की विक्षिप्त की पिटाई
सिगरा थाना अंतर्गत फातमान में शुक्रवार को स्कूल से लौट रही छात्राओं का हाथ पकड़ने पर विक्षिप्त की स्थानीय लोगों ने पिटाई कर दी। पिटाई करने पर विक्षिप्त लोगों से उलझ गया तो सड़क पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। उसके हाथ में गंभीर चोट लगी हुई थी और घाव सड़ गया था। सूचना पाकर पुलिस आई और कड़ी मशक्कत के बाद विक्षिप्त को पकड़ कर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल ले गई।