मालिक के कहने पर बच्चे को उसकी मां से होटल में मिलाने गई आया के साथ मारपीट और छेड़खानी की गई। इसके साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। प्रकरण को लेकर आया की तहरीर के आधार पर महिला और उसके भाई के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
भेलूपुर थाना अंतर्गत जवाहर नगर क्षेत्र में रहने वाली आया के अनुसार वह जिनके घर काम करती है उनके बच्चे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह उस बच्चे की देखभाल भी करती है। बच्चे के दादा और पिता के कहने पर वह उसे उसकी मां नेहा से मिलाने के लिए छावनी क्षेत्र स्थित होटल रमाडा के एक कमरे में गई थी। बातचीत के दौरान उसके मालिक को बच्चे की मां नेहा और उनके भाई मनीष भसीन बुराभला कहने लगे। इसका उसने विरोध किया तो नेहा और उनके भाई मनीष ने उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की। इसके साथ ही उसका मोबाइल भी छीन कर अपने पास रख लिया। काफी मिन्नतों के बाद दोनों ने उसका मोबाइल वापस लौटाया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।