वाराणसी। घोसी के बसपा सांसद अतुल राय को कान में दर्द की शिकायत के बाद बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्पेशल वार्ड के कमरा नंबर 2-ए में भर्ती अतुल का इलाज ईएनटी डिपार्टमेंट के डॉ. राजेश कुमार की देखरेख में चल रहा है। भर्ती होने के बाद बुधवार को भी उनकी जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
यूपी कॉलेज की पूर्व छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में जिला जेल में निरुद्ध सांसद अतुल को कान में दर्द की समस्या के बाद मंगलवार को जिला जेल के अस्पताल से कड़ी सुरक्षा के बीच बीएचयू अस्पताल की इमरजेंसी भेजा गया। यहां प्राथमिक जांच के बाद उन्हें ईएनटी (आंख, कान, गला) डिपार्टमेंट के डॉ. राजेश कुमार की ओपीडी में दिखाया गया। जांच के बाद उन्हें स्पेशल वार्ड में भर्ती कराया गया। वार्ड के बाहर कड़ी सुरक्षा है। वहीं, सांसद के भर्ती होने की खबर मिलते ही उनके समर्थक भी बीएचयू अस्पताल पहुंच गए। डॉ. राजेश ने बताया कि कान में संक्रमण की वजह से दर्द है। कुछ जांचें कराई गई हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे के इलाज के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो ऑपरेशन भी किया जा सकता है। उधर, जेलर पवन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि जेल अस्पताल के चिकित्सकों के परामर्श के आधार पर सांसद को बीएचयू अस्पताल भेजा गया है। उनके कान के पर्दे में छेद संबंधी बीमारी बताई गई है।