बिजली गिरने से महिला की मौत, दो झुलसे
- चोलापुर थाना के बबियाव गांव में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
दानगंज। चोलापुर थाना अंतर्गत बबियाव गांव में रविवार की दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई और दो लोग झुलस गए। इस दौरान एक मवेशी की भी जान चली गई। सूचना पाकर चोलापुर पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। वहीं, झुलसे हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बबियाव गांव निवासी राजकुमार राजभर की पत्नी निर्मला (40), सावित्री (40) और गोलू (12) के साथ दोपहर में अपने घर से बाजार जा रही थी। घर से लगभग 400 मीटर की दूरी पर बिजली गिरने से निर्मला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सावित्री और गोलू बेहोश हो गए। दोनों को क्षेत्र के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि निर्मला दो बेटों और चार बेटियों की मां थी और उनके पति राजकुमार हैदराबाद में नौकरी करते हैं। घटना के संबंध में एडीएम फाइनेंस सतीश पाल ने बताया कि दैवीय आपदा से मृत्यु के बाद चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है। इसकी जांच कर रिपोर्ट एसडीएम भेजते हैं। राजस्व टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद सहायता राशि परिजनों को दी जाएगी।