फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिसौर पुल के पास मुठभेड़, सिपाही और बदमाश घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र निवासी एक डॉक्टर की हत्या करने जा रहे 25 हजार के इनामी बदमाश राजू बिहारी उर्फ राजू यादव उर्फ अजय का आमना-सामना बुधवार की रात पिसौर पुल के समीप पुलिस से हुआ। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में राजू और क्राइम ब्रांच का सिपाही संतोष पासवान घायल हुए हैं। राजू के पास से .32 बोर की देसी पिस्टल, 12 कारतूस और बाइक बरामद की गई। राजू के खिलाफ बनारस, गाजीपुर सहित अन्य जिलों में हत्या का प्रयास और लूट जैसे गंभीर आरोपों में 30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरान पुलिस को चकमा देकर गाजीपुर का एक लाख का इनामी बदमाश शिवा बिंद भाग निकला।
विज्ञापन

शिवपुर निवासी एक डॉक्टर की हत्या करने के लिए गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा थाना का रामसिंहपुर गांव निवासी बदमाश राजू बिहारी अपने दोस्त शिवा बिंद के साथ शहर आया था। डॉक्टर से राजू ने रंगदारी मांगी थी, लेकिन उन्होंने पैसा नहीं दिया था। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को पता लगा कि राजू बिहारी अपाचे बाइक से कैंट से लोहता होते हुए शिवपुर की ओर जा रहा। इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने अपनी टीम के साथ राजू का पीछा किया और पिसौर पुल तिराहा के समीप लोहता एसओ, मंडुवाडीह एसओ और क्षेत्र से गुजर रहे लक्सा एसओ ने चेकिंग शुरू की। पुलिस ने राजू को रुकने का इशारा किया तो वह फायरिंग करते हुए पिसौर पुल की ओर भागा। पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर राजू को गिरफ्तार किया और शिवा भाग निकला। सिपाही संतोष के दाएं हाथ में और बदमाश राजू के दाएं पैर में गोली लगी है। देर रात तक शिवा की तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी रही।
सरेराह हुई फायरिंग से मची भगदड़
पिसौर पुल तिराहा के समीप सरेराह राजू बिहारी द्वारा की गई दो राउंड फायरिंग से राहगीरों में भगदड़ मच गई थी। पुलिस ने पीछा किया और इसके बाद लगभग 18 से 20 राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बदमाश से मुठभेड़ की सूचना पर एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र के साथ ही एसपी ग्रामीण एमपी सिंह और सीओ सदर सत्येंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि राजू को गिरफ्तार करने में क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, एसओ लोहता राकेश सिंह, एसओ लक्सा अमित मिश्रा, एसओ मंडुवाडीह संजय त्रिपाठी, सुमंत सिंह, पुनदेव सिंह, घनश्याम वर्मा, सुरेंद्र मौर्या, कुलदीप सिंह, चंद्रसेन सिंह, रामबाबू और सुनील राय शामिल थे।
विज्ञापन

लूट के लिए कुख्यात है राजू, लक्सा थाने से था वांछित
गिरफ्तार राजू बिहारी लूट के लिए कुख्यात है और लक्सा थाने में वांछित था। वहीं, फरार हुआ शिवा बिंद चौक थाने से वांछित है और उस पर गाजीपुर के अलावा बनारस से 50 हजार का इनाम घोषित है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें