हैं तेरे गम में सभी लोग बराबर के शरीक, ऐसे मौके पे तो हो जाते हैं बाहर के शरीक... कुछ ऐसी ही जज्बात आज हॉकी के सुल्तान मोहम्मद शाहिद के चाहने वालों के दिलों में थे। शाहिद आज दुनिया से हमेशा के लिए चले गए मगर अरसे तक वह अपने चाहने वालों की जेहन में जिंदा रहेंगे। शाहिद को चाहने वालों ने आज अपने हरदिल अजीज खिलाड़ी की आत्मा को सुकून देने के लिए इबादत की। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। खेल संघों, सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक दलों सभी ने अपने-अपने अंदाज में हॉकी के जादूगर को अंतिम विदाई दी।
सेंचुरी स्पोर्ट्स क्लब की बैठक में क्लब के आजीवन सदस्य मो. शाहिद के निधन पर शोक जताने के साथ ही सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर गतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शोक सभा में केशव जालान, एसएच हाशमी, एमएम पाल, विनोद कनौजिया, परमानंद नवलानी आदि शामिल थे। उधर, यूपी फुटबाल संघ, जिला ओलंपिक संघ, वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन, सैफी क्रिकेट अकादमी, गंगापुर हॉकी अकादमी, रेनबो स्पोर्टिंग क्लब, रामनगर आदि ने शोक सभा कर दिवंगत ओलंपियन को याद किया। इसी क्रम में बनारस स्पोर्टिंग क्लब की शोक सभा में शकील अहमद बबलू, नूरआलम, राना अनवर आदि फुटबालरों ने शाहिद के निधन को हॉकी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इसी क्रम में कटिंग मेमोरियल स्कूल और राजकीय बालिका इंटर कालेज में आयोजित शोक सभा में शामिल लोगों ने शाहिद की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की। यहां छात्रों को शाहिद के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं राष्ट्रीय छात्र संगठन, वदहते इस्लामी हिंद, महानगर समाजवादी पार्टी, कौमी एकता दल की जिला कमेटी, महानगर कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटी, सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन, बनारस बार एसोसिएशन, डीरेका कर्मचारी संगठन, जनकल्याण परिषद व उद्योग व्यापार मंडल काशी की शोक सभा में वक्ताओं ने शाहिद के व्यक्तित्व और भारतीय हॉकी के उत्थान में उनके योगदान की चर्चा हुई। दूसरी ओर श्रीश्री रविशंकर के अनुयायी आर्ट आफ लिविंग के यूपी प्रभारी उत्पल उपाध्याय शाहिद के शोक संतप्त परिवार से मिले और उनका ढांढस बंधाया। उन्होंने आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर का शोक संदेश भी पढ़कर सुनाया।