फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: क्रिकेट...उत्कल विवि की टीम को उन्हीं के घर में हराकर BHU बना पूर्वी क्षेत्र का तीसरा चैंपियन; खबरें

Fri, 23 Jan 2026 03:51 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन हो रहे हैं। ओडिशा में बीएचयू ने इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट जीत लिया है। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आइए जानते हैं खेल की अन्य खबरें..
विज्ञापन
बीएचयू की विजेता टीम के खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Sports News in Hindi: उत्कल विश्वविद्यालय को उन्हीं की धरती ओडिशा में हराकर बीएचयू पूर्वी क्षेत्र का तीसरा सर्वश्रेष्ठ चैपियन बन गया है। बृहस्पतिवार को ओडिशा के कटक में चल रहे पूर्वी क्षेत्र इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट (पुरुष) में हुए फाइनल मैच में 50 रन से जीत दर्ज कर बीएचयू ने ये उपलब्धि हासिल की।

विज्ञापन


ओपनर बल्लेबाज दिव्यांश कुशवाहा ने 56 गेंद पर 144 के स्ट्राइक रेट से 81 रन बना दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत टीम का स्कोर 181 रन तक पहुंचा। अपनी पारी में दिव्यांश ने पांच छक्के और पांच चौके मारे। 

टीम का पहला विकेट 43 रन पर गिरा तो इसके बाद दिव्यांश की आतिशी पारी शुरू हुई और 136 रन बनने के बाद ही उत्कल विवि को दिव्यांश का विकेट मिला। इस टूर्नामेंट में पहले स्थान पर पूर्वांचल और दूसरे पर पाटलिपुत्र विवि रहा। 
विज्ञापन


टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बीएचयू ने निर्धारित 25 ओवर में 8 विकेट खोकर उत्कल को 182 रनों का मजबूत लक्ष्य दिया। दिव्यांश के 81 रनों के अलावा सिद्धांत पाठक ने 34 और सचिन शंभू ने 27 रन का योगदान दिया। जवाब में उतरी उत्कल विश्वविद्यालय की टीम 23.5 ओवर में 132 रन पर ही सिमट गई। 

Trending Videos

वात्सल्य ने लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट 
मैच के दौरान बीएचयू की गेंदबाजी काफी अनुशासित रही। बीएचयू के वात्सल्य यादव ने 4 विकेट, सरंगनाथ त्रिपाठी और निलोत्पलेंदु प्रताप ने 2-2 विकेट लेकर जीत की नींव रखी। प्रतिद्वंद्वी टीम की ओर से कोई भी खिलाड़ी 30 से ज्यादा रन नहीं बना सका। 

पहला विकेट 43 रन तो दूसरा 134 रनों पर गिरा
बीएचयू का पहला विकेट 43 रन पर ही गिर गया था। इसके बाद दिव्यांश और सिद्धांत पाठक के बीच 90 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। दूसरा विकेट 18.3 ओवर में 132 रनों पर गिरा। इसके बाद बाकी के छह विकेट अगले 40 रनों पर गिर गए। बीएचयू को मिली इस जीत पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा ने पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही टीम के मेंटर और सहायक निदेशक डॉ. वैभव राय ने बेहतर मार्गदर्शन के लिए बधाई दी।

बीएचयू में फुटबाॅल चैंपियनशिप में बनाई बढ़त। - फोटो : संवाद
बीएचयू ने फुटबाॅल चैंपियनशिप में बनाई बढ़त
बीएचयू ने सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल चैंपियनशिप में दो मैच जीतकर टूर्नामेंट में 2-0 से बढ़त बना ली है। पहले मैच में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को 4-0 से करारी शिकस्त दी। दूसरे राउंड के दूसरे मैच में विक्रम यूनिवर्सिटी उज्जैन के खिलाफ बीएचयू ने मैच में दो गोल मारकर 2-0 से बढ़त बना ली। हालांकि, मैच खत्म होने से पहले विरोधी टीम ने भी दो गोल कर दिए। इस तरह से मैच 2-2 से ड्रॉ हो गया लेकिन इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में बीएचयू को 4-3 से जीत मिल गई।

विद्यापीठ ने गुरुकुल कांगड़ी को 6-1 से हराया
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की हॉकी टीम ने बृहस्पतिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार को 6-1 से हराकर अपना पहला लीग मैच जीत लिया। संबलपुर विश्वविद्यालय की ओर से राउरकेला बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में खेलते हुए विद्यापीठ के नगेंद्र ने पहला गोल, शाहबाज खान ने दूसरा और तीसरा, ललित नेगी ने चौथा, नितिन ने पांचवां और सुजीत ने छठा गोल कर टीम को जीत दिला दी। 

सात खेलों के खिलाड़ी आज दिखाएंगे दमखम
सुभाष चंद्र बोस की जयंती व पराक्रम दिवस पर शुक्रवार को रग्बी फुटबाॅल, हैंडबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस, मार्शल आर्ट, एथलेटिक्स और कैरम के 200 बालक-बालिकाएं विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इसमें सात खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।  जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह के अनुसार सभी प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में होंगी। प्रतियोगिता में कई खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर युवा भविष्य के लिए मंच पाने का प्रयास करेंगे। 

24 को महिला खो खो टीम का चयन ट्रायल
इस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालयीय महिला खो खो टीम का चयन ट्रायल 24 फरवरी को बीएचयू एंफीथियेटर मैदान पर शाम तीन बजे से होगा। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. एके नेमा के अनुसार चयनित खिलाड़ी जोनल प्रतियोगिता में बीएचयू टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम में चयन के लिए खिलाड़ी बेहतर खेल का प्रदर्शन करेंेगे। विश्वविद्यलाय के इच्छुक खिलाड़ी क्रीड़ा परिषद की सहायक निदेशक डॉ. प्रियंका यादव से संपर्क कर सकते हैं। 

मीडिया बैडमिंटन, कैरम और शतरंज के सेमीफाइनल में पहुंचे 12 खिलाड़ी
आनंद चंदोला खेल महोत्सव का दूसरा चरण बृहस्पतिवार को शुरू हो गया। पराड़कर स्मृति भवन के ईश्वरचंद्र सिन्हा बहुउद्देशीय सभागार में शतरंज, कैरम और बैडमिंटन के खेल हुए। इन तीन खेलों के 12 खिलाड़ियों को सेमीफाइनल में जगह मिली। वहीं, टेनिस प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू होगी। 

कैरम में संदीप गुप्ता ने उजैर खान को और रोहित चतुर्वेदी ने केबी रावत को हराया। चंद्र प्रकाश ने चंदन रूपानी को और पंकज त्रिपाठी ने अरुण मालवीय को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बैडमिंटन में प्रशांत मोहन, चंदन रूपानी, पंकज त्रिपाठी और संदीप गुप्ता ने अंतिम चार में जगह बनाई। शतरंज में संदीप गुप्ता, शंकर चतुर्वेदी, संतोष चौरसिया और चंदन रूपानी संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहे। 

मुख्य अतिथि डालिम्स सनबीम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के एडिशनल डायरेक्टर माहिर मधोक ने दीनानाथ गुप्त और विश्वनाथ सिंह दद्दू के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। संचालन रमेश वर्मा की देखरेख में अश्वनी चक्रवाल, संदीप यादव ने किया। शोएब रजा निर्णायक रहे। 

प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक वॉलीबाॅल 2 से 5 फरवरी तक
क्षेत्रीय खेल कार्यालय लखनऊ और आगरा के तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालक वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 5 फरवरी तक लखनऊ में होगा। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका वॉलीबॉल का आयोजन 7 से 10 फरवरी तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम आगरा में होगा। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की चयनित सब जूनियर बालक-बालिका की टीम हिस्सा लेंगी।

इसका चयन व ट्रायल डाॅ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम सिगरा में किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए जिला वॉलीबॉल संघ अवैतनिक सचिव सर्वेश पांडेय, पूजा यादव वॉलीबॉल प्रशिक्षक से संपर्क किया जा सकता है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि सब जूनियर बालक का जिला स्तरीय चयन व ट्रायल 27 जनवरी को सुबह 9 बजे से और मंडल स्तर पर 28 जनवरी को 10 बजे होगा। सब जूनियर बालिका का जिला स्तरीय चयन व ट्रायल 29 जनवरी को सुबह 9 बजे और मंडल स्तर पर 30 जनवरी को सुबह 10 बजे से होगा। 

वाराणसी जिला कुश्ती संघ अगले दो महीने में कराएगा तीन बड़े मुकाबले
वाराणसी जिला कुश्ती संघ की ओर से जनवरी के अंतिम सप्ताह और फरवरी के दूसरे सप्ताह में कुश्ती के तीन बड़े मुकाबले होंगे। जिला कुश्ती संघ की ओर से इसकी तैयारी कर ली गई है। प्रादेशिक कुश्ती बनियापुर और बाबतपुर जबकि जिलास्तरीय कुश्ती महमूरगंज स्थित निवेदिता साई सेंटर में खेली जाएगी।

वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि भारतीय कुश्ती संघ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश और वाराणसी कुश्ती संघ के समन्वय से कुश्ती प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। इसमें 25 फरवरी को महमूरगंज निवेदिता साई सेंटर में, 7 से 9 फरवरी को सब जूनियर प्रादेशिक चैंपियनशिप बनियापुर के स्व. केदार पहलवान अखाड़े में खेली जाएगी।   

उन्होंने बताया कि वाराणसी में 7 से 9 फरवरी सब जूनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन बनियापुर वाराणसी में किया जाएगा। 18 व 19 फरवरी तक प्रदेश स्तरीय पंडित गुप्तेश्वर मिश्र, गोवर्धन दास मल्होत्रा, मेखुड़ी उस्ताद और बेचन पहलवान स्मृति कुश्ती अलग-अलग भार वर्गों में बाबतपुर में खेली जाएगी। इसके लिए गोरख यादव को कोआर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। 
विज्ञापन

काशी में खेली जाएगी सीनियर नेशनल कुश्ती
जिला कुश्ती संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष ने बताया कि वाराणसी में फेडरेशन कप कराया जा चुका है। साथ ही भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह बबलू काशी में सीनियर नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता कराने की घोषणा कर चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें