वाराणसी। अदालतों में लंबित मुकदमों के बोझ से परेशान बनारस के वादकारियों को त्वरित न्याय की उम्मीद बढ़ गई है। शासन की ओर से वाराणसी में चार ट्रिब्यूनल शुरू किए जा रहे हैं। इसमें लैंड एक्व्यूजिशन ट्रिब्यूनल ने सोमवार से काम करना शुरू दिया है। इसके अलावा मोटर दुर्घटना क्लेम ट्रिब्यूनल, कॉमर्शियल ट्रिब्यूनल और ग्रामीण न्याय ट्रिब्यूनल के लिए स्थान आवंटित कर दिया गया है। जल्द ही यह काम करना शुरू कर देगा।
लंबित मुकदमों के बोझ को कम करने के लिए हाईकोर्ट के निर्देश पर शासन ने ट्रिब्यूनल को हरी झंडी दे दी है। कलेक्ट्रेट में सोमवार से लैंड एक्व्यूजिशन ट्रिब्यूनल शुरू कर दिया गया। इसमें परियोजनाओं सहित अन्य कामों के लिए अधिग्रहित होने वाली जमीनों के असंतुष्ट किसान और लोगों की सुनवाई इस ट्रिब्यूनल में होगी। इसके अलावा व्यवसायिक गतिविधियों के विवाद को सुलझाने के लिए जिला पंचायत परिसर में ट्रिब्यूनल स्थापित होगा। इसके लिए कार्यालय आवंटित कर दिया गया है। ऐसे ही सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारीजनों ओर घायल लोगों को अब न्याय के लिए वर्षो तक चक्कर नहीं काटना होगा। यह ट्रिब्यूनल सदर तहसील परिसर में शुरू किया जा रहा है। ग्रामीण न्याय व्यवस्था के लिए पिंडरा तहसील में ट्रिब्यूनल होगा। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि चार ट्रिब्यूनल इसी सप्ताह जिले में शुरू हो जाएंगे।