बीएचयू में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए नवंबर के पहले सप्ताह से काउंसिलिंग की तैयारी चल रही है। 28 सितंबर से चार अक्तूबर तक प्रवेश परीक्षाओं के बाद माना जा रहा है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) अक्तूबर अंतिम सप्ताह तक परिणाम जारी कर देगी। साथ ही अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद बीएचयू काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू करेगी। कोरोना काल में होने वाली प्रवेश परीक्षाओं के मद्देनजर केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल पर विशेष नजर रहेगी। इस साल एनटीए की ओर से परीक्षा कराई जा रही है और छह सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन की तिथि भी निर्धारित की गई है। एनटीए की ओर से परिणाम जारी करने से पहले वेबसाइट पर प्रोविजनल आंसर की जारी की जाएगी। आंसर की में सवालों के जवाब पर आपत्ति करने वालों को 200 रुपये प्रति प्रश्न के हिसाब से शुल्क देना होगा, जो कि नॉन रिफंडेबल होगा। प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम की विवरणिका में इसकी जानकारी दी गई है। जिन सवालों पर आपत्ति होगी, उसका विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण कराया जाएगा। तब फाइनल आंसर की जारी की जाएगी।