फंस सकते हैं बधाई देने वाले, छात्र नेता समेत अन्य कारोबारी
सिगरा क्षेत्र के रहने वाले होटल कारोबारी और रियल एस्टेट समेत अन्य कारोबार से जुड़े शुभम के करीबियों की भी तलाश की जा रही है। हाल के दिनों में शहर में लगाए गए होर्डिंग और पोस्टर में शामिल लोगों को भी एसआईटी बुलाकर पूछताछ कर सकती है।
शुभम के साथ विदेश टूर पर गए लोगों, काफिले में चलने वाले चालकों, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के कुछ छात्र नेताओं और अन्य लोगों की भी पहचान कराई गई है। छात्र संघ के एक पूर्व पदाधिकारी से शुभम की नजदीकियां जग जाहिर है। तीन से चार साल में पदाधिकारी ने होटल और अन्य कारोबार शुरू किया है। बालू और कोयले में भी शुभम का निवेश बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो की पुष्टि में जुटी क्राइम ब्रांच
सोशल मीडिया पर शुभम जायसवाल और आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों की ओर से मेडिकल संचालक के कर्मचारियों की पिटाई और धमकाने के वायरल वीडियो की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। इसमें सभी लोगों को क्राइम ब्रांच ने चिह्नित किया है। शिवपुर थाना क्षेत्र और लहरतारा क्षेत्र के युवकों की पहचान हुई है। पीड़ितों से भी पुलिस संपर्क करने के प्रयास में है। यह वायरल वीडियो दो साल पहले का बताया जा रहा है।