वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान सोना बरामद किया है। सोने की कीमत आठ लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। यह सोना शारजाह से पहुंचे यात्री से बरामद हुआ है, जो रुद्राक्ष की माला में छुपाकर लाया था। कस्टम विभाग ने यात्री को हिरासत में ले लिया। पूछताछ और अन्य कार्रवाई के बाद सोना जब्त कर यात्री को छोड़ दिया।
वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार को शारजाह से एयर इंडिया के विमान आईएक्स 1184 से पहुंचे यात्रियों की कस्टम चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच चेकिंग के दौरान रुद्राक्ष की माला पहने एक यात्री पर टीम की नजर पड़ी। शक के आधार पर यात्री को रोक पूछताछ शुरू की गई। मुंबई निवासी यात्री ने रूद्राक्ष की माला में 8 लाख 37 हजार रुपये मूल्य के कीमत की 167.450 ग्राम सोना छुपाकर लाना स्वीकार किया।
कस्टम नियम के मुताबिक 20 लाख से कम कीमत के सोना पकड़े जाने पर सोना जब्त कर यात्री को छोड़ दिया जाता है। वहीं कस्टम टीम ने पिछले सप्ताह भी एक महिला यात्री को जेंट्स परफ्यूम की बोतल में 355 ग्राम सोना विदेश से छुपाकर लाने के दौरान पकड़ा था।