इसके पहले सुबह में मिले 24 संक्रमितों में बरसठी ब्लाक में एक साथ 16 लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने का यह पहला मामला सामने आया। इनमें भी पांच एक ही गांव निगोह से हैं। चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि निगोह गांव के पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें दो सूरत और एक पूना से आया है, जबकि दो अन्य मुंबई से आए हैं। गद्दोपुर व आदमपुर निवासी कोरोना पॉजिटिव शख्स भी सूरत से ही गांव आए हैं।
भगेरी में तीन, बरसठी बाजार में दो, भदरांव, परियत, सहादतपुर, पाली गांव में मुंबई से आए एक-एक प्रवासी में कोरोना की पुष्टि हुई है। बीडीओ राजन राय ने बताया कि गांवों को सैनिटाइज करने के लिए सफाई कर्मियों को निर्देश दिया गया है। ब्लाक क्षेत्र में अब 27 केस हो गए हैं।
मछलीशहर ब्लाक के बरईपार बाजार से सटे किशुनीपुर गांव में अंधेरी मुंबई से 30 मई को पत्नी और बेटे के साथ आया शख्स कोरोना पॉजिटिव निकला। जब टीम उसे लेने गई तो उसने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया। कहा कि शुरुआत में कुछ दिक्कत थी, लेकिन अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। सुजानगंज के रमदेइया प्रेम का पुरा गांव में मुंबई से आए युवक को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। रामपुर ब्लाक के बैनीडीह गांव की युवती, बदलापुर के सदापुर गोनौली, महराजगंज के नाहरपुर में आए एक-एक प्रवासी में भी कोरोना संक्रमण पाया गया है।