आईएमएस बीएचयू में जीन एक्सपर्ट मशीन सफेद हाथी बनी हुई है। बीएचयू प्रशासन जहां इस मशीन से जांच जारी रहने का दावा कर रहा है वहीं डीएम कौशल राज शर्मा के मुताबिक जीन एक्सपर्ट मशीन से जांच में अभी समय लगेगा। इसके लिए अभी किट नहीं आई है।
शनिवार से जांच केजीएमयू में ही भेजा जाएगा। बीएचयू माईक्रोबायोलाजी लैब में शुक्रवार को एक पोस्ट डॉक्टोरल छात्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस लैब में जांच बंद कर दी गई है। बीएचयू पीआरओ डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि माइक्रोबायोलॉजी लैब में परीक्षण का कार्य अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।
उनका कहना है कि जैसे ही लैब को पूरी तरह सैनेटाइज कर दिया जाएगा, जांच के लिए प्रशिक्षित दूसरी टीम अपना काम शुरू कर देगी। आईएमएस बीएचयू में कोरोना परीक्षण का काम रुका नहीं है और जीन एक्सपर्ट मशीन के माध्यम से जांच का काम चल रहा है।
जीन एक्सपर्ट मशीन को कोरोना परीक्षण के काम को और गति देने के लिए बृहस्पतिवार को ही इंस्टाल किया गया था। इसके अलावा मॉलिक्यूलर बॉयोलाजी की लैब में भी एक आरटीपीसीआर मशीन से जांच की तैयारी की जा रही है। इस पर भी जल्द ही जांच शुरू होगी। इस मशीन में बड़ी संख्या में परीक्षण किये जा सकते हैं।
वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा का कहना है कि बीएचयू में लगी जीन एक्सपर्ट मशीन से जांच शुरू होने में अभी समय लगेगा। इसकी किट नही आई है। शनिवार से कोरोना के सैंपल केजीएमयू भेजे जाएंगे। पहले दिन 46 सैंपल जा रहे हैं, इसके बाद इसकी संख्या बढ़ाई जाएगी।