फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी: लॉकडाउन तोड़ने वाले 36 लोगों पर एफआईआर, पुलिस ने लाठियां बरसाकर भगाया

Tue, 24 Mar 2020 12:07 PM IST
गीतार्जुन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
दानगंज बॉर्डर पर पुलिस। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार को लॉकडाउन को लेकर लोगों ने लापरवाही की हदें पार कर दीं। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और आला अफसरों की अपील के बावजूद लोग सड़कों पर अनावश्यक घूम रहे थे। घर के अंदर रहने को तैयार न होने वालों से पुलिस को सख्ती से पेश आना पड़ा। लॉकडाउन के दूसरे दिन मंगलवार को 12 बजे के बाद से दूध-दवा की दुकानों के अलावा किसी और दुकान की खुलने पर पाबंदी लगा दी है।

विज्ञापन


लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस ने जिले भर में शराब ठेका सहित छह दुकानों को 15 दिन के लिए सीज किया। इसके साथ ही 36 लोगों को गिरफ्तार कर 1518 वाहनों का चालान और 264 को सीज किया। पुलिस ने बाहर घूमने वालों पर लाठी बरसाकर कुछ लोगों को घर के अंदर भेजा।

कैंट थाने की पुलिस ने फुलवरिया और हुकुलगंज क्षेत्र में शराब की दुकान खोलने के आरोप में दो सेल्समैन सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया। बड़ागांव थाने की पुलिस ने साधोगंज बाजार स्थित शराब ठेका और बड़ागांव बाजार स्थित फुटवियर और आभूषण की दुकान को 15 दिन के लिए सीज किया। साथ ही, शराब ठेका के सेल्समैन को गिरफ्तार किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

शिवपुर थाने की पुलिस ने अनावश्यक घूम रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर उनका वाहन सीज किया। इसी तरह से दशाश्वमेध, कोतवाली, चौक, भेलूपुर, सारनाथ, चौबेपुर और बड़ागांव थाने की पुलिस ने अनावश्यक घूमने वाले और दुकान खोलने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि 33 लोगों के खिलाफ जिले के थानों में 11 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। लॉकडाउन का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे भी पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।

मुर्गा बनवाया और कराई उठक-बैठक
सोशल मीडिया पर शाम के समय एक वीडियो क्लिप वायरल हुई। इसमें पुलिस कुछ युवकों को मुर्गा बनवाने के बाद कान पकड़ कर उठक-बैठक करवा रही थी। चौक थाने की पुलिस के अनुसार कुछ युवक अनावश्यक टहल रहे थे। उन्हें कई बार चेताया गया कि वह घर चले जाएं। थोड़ी देर बाद वह फिर सड़क पर टहलते दिख जा रहे थे। इससे आजिज आकर उन्हें सबक सिखाने के लिए मुर्गा बनवाया गया और उठक-बैठक करा कर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी देकर घर भेज दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें