पहले दिखाएंगे वीडियो तब लगाएंगे टीका
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टीकाकरण के प्रति जागरूकता के लिए एक वीडियो भी तैयार कराया है, इसमें टीके को लगाए जाने और उसके पहले व दूसरे डोज के बारे में जानकारी देने के साथ ही टीकाकरण के प्रभाव के बारे में भी बताया गया है। लाभार्थी को पहले इसका वीडियो भी दिखाया जाएगा।
यह भी जानना जरूरी
-कोविन पोर्टल पर दर्ज सूची का टीकाकरण केंद्र पर मिलान किया जाएगा।
-केंद्र पर पहुंचने के बाद स्वास्थ विभाग की टीम टीकाकरण की जानकारी देगी।
- काउंसलिंग के बाद ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
-टीका लगवाने वालों को एक फार्म दिया जाएगा जिस पर डॉक्टर, कंट्रोल रूम का नंबर रहेगा।
-टीका लगने के बाद सतर्कता सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
हर केंद्र पर रहेगी एईएफआई किट
टीकाकरण केंद्रों पर एईएफआई किट भी मौजूद रहेगी। एडिशनल सीएमओ डॉ. संजय राय ने बताया कि टीकाकरण के बाद यदि कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तो उससे निपटने की पूर्ण तैयारी कर ली गई है। किट में एड्रेनलिन इंजेक्शन, हाईड्रोकॉर्टिसोन इन्जेक्शन, डिस्पोजल सिरिंज, सुई, नार्मल सेलाइन, 5 प्रतिशत डेक्सट्रोज, ड्रिप सेट, वेन्फ्लान, रुई, पट्टी, दवाओं सहित अन्य सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहेगी। कुल 30 टीकाकरण केंद्र के लिए ऐसे 90 एईएफआई किट तैयार की गईं हैं।
कोरोना टीकाकरण संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सभी केंद्रों की निगरानी के लिए टीम गठित की गई है। कोविड कंट्रोल सेंटर से भी नजर रखी जाएगी। किसी तरह के दुष्प्रभावों से निपटने के भी खास इंतजाम किए गए हैं। -डॉ. वीबी सिंह, सीएम
दो दिन पहले रीजनल सेंटर पर आ जाएगा टीका
कोरोना का टीका जिले में दीनदयाल अस्पताल स्थित रीजनल सेंटर पर 14 जनवरी तक आ जाने की संभावना हैं। सीएमओ ने बताया कि 16 जनवरी से टीकाकरण की शुरुआत होगी। बताया कि सप्ताह में चयनित केंद्रों पर दो दिन टीका लगाया जाएगा। एक केंद्र पर एक दिन में 100 लोगों का टीका लगाया जाएगा।
केंद्रों पर आज होगी रिहर्सल
कोरोना टीकाकरण की रिहर्सल सोमवार को होगी। इसको लेकर रविवार को केंद्रों पर दिन भर तैयारियां चलती रहीं। इधर, सीएमओ ऑफिस भी खुला रहा, जहां केन्द्रों पर अधिकारी तैयारियों का फीडबैक लेते रहे। सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण के ट्रायल में अगर कोई कमियां सामने आती हैं तो उसे दूर कराया जाएगा। सभी नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जा चुकी हैं।