वाराणसी जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। इस बीच अस्पतालों की ओपीडी में बुखार, जुकाम वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। बुखार, जुकाम की समस्या के औसतन 200 मरीज मिल रहे हैं। इसमें डॉक्टर की सलाह पर हर दिन बीएचयू समेत जिले के अन्य अस्पतालों को मिलाकर केवल 25 लोगों की कोरोना जांच करवाई जा रही है।
बीएचयू अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच हो रही है, वहीं अन्य अस्पतालों में एंटीजन जांच की जा रही है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 10 हो गए हैं। बृहस्पतिवार को बीएचयू अस्पताल, जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, शास्त्री अस्पताल रामनगर सहित अन्य जगहों पर बुखार, जुकाम के साथ ही सिरदर्द की समस्या लेकर मरीज पहुंचे। जिसमें कुछ को दवा दी गई जबकि तीन दिन से अधिक समय से बुखार की समस्या वाले लोगों को कोविड जांच करवाने को कहा गया।
एंटीजन जांच की रिपोर्ट तो तुरंत आ रही है लेकिन आरटीपीसीआर जांच की रिपोर्ट अगले दिन मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से कोविड प्रोटोकाल का पालन करने की अपील भी की गई है। इसके बाद भी अस्पतालों में जिस तरह का कोविड प्रोटोकॉल दिखना चाहिए, वो नहीं दिख रहा है।
अमर उजाला की पड़ताल में बृहस्पतिवार को बीएचयू अस्पताल से लेकर जिला अस्पताल, मंडलीय अस्पताल तक बुधवार को भीड़ में लोग बिना मास्क लगाए, बिना दो गज की दूरी के खड़े दिखे। इसमें छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बिना मास्क के दिखे।
आईएमएस बीएचयू माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रो. गोपालनाथ का कहना है कि अगर कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा तो किसी तरह की समस्या नहीं होगी।